घुमारवीं के इंदिरा वार्ड में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में कथा श्रवण करते श्रद्धालु। संवाद
घुमारवीं के इंदिरा वार्ड में चल रही श्रीमद् भागवत कथा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर-2 इंदिरा वार्ड में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन पंडित सुनील सारस्वत ने श्रद्धालुओं को राजा परीक्षित की कथा सुनाई। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।
पंडित सुनील सारस्वत ने कहा कि राजा परीक्षित भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त थे। उन्होंने बताया कि जब राजा परीक्षित को ज्ञात हुआ कि सात दिनों के पश्चात उनका देहांत होने वाला है, तब उन्होंने राजपाट और सांसारिक मोह-माया का त्याग कर महर्षि शुकदेव जी की शरण ग्रहण की तथा उनसे श्रीमद् भागवत महापुराण की कथा का श्रवण किया। उन्होंने बताया कि सात दिनों तक निरंतर कथा सुनने के उपरांत राजा परीक्षित को मोक्ष की प्राप्ति हुई। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग हमें सिखाता है कि मनुष्य को जीवन के प्रत्येक क्षण में प्रभु का स्मरण करना चाहिए और धर्म और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
कथा व्यास ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर सकारात्मक विचारों का संचार होता है और उसे जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध होता है। उन्होंने कहा कि कलयुग में भगवान के नाम का स्मरण और सत्संग ही मनुष्य के कल्याण का सबसे सरल मार्ग है। इस दौरान पंडित सुनील सारस्वत ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि प्रभु की भक्ति से मनुष्य के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में सेवा, सत्संग और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।