- घुमारवीं के गांधी चौक से चोरी हुई बाइक के मामले में आया नया मोड़
- चोरों ने पहली बाइक हमीरपुर से की थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं के गांधी चौक से शुक्रवार रात चोरी हुई बाइक के मामले में नया मोड़ आया है। चोरी हुई बाइक गांधी चौक से करीब आधा किलोमीटर दूर एक रेस्टोरेंट के सामने मिली है, लेकिन रेस्टोरेंट के सामने से एक अन्य बाइक भी चोरी हो गई है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि चोरों ने पहले हमीरपुर से एक बाइक चुराई। उसे घुमारवीं के गांधी चौक में खड़ा किया और वहां से एक अन्य बाइक को चुरा ले गया। इसके बाद करीब आधा किलोमीटर दूर एक रेस्टोरेंट के सामने गांधी चौक से चोरी की बाइक को खड़ा किया और वहां से भी एक अन्य बाइक को चोरी कर ले गया। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। ऐसे में चोरों तक पहुंचना पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गया है। गौर हो कि शुक्रवार रात को घुमारवीं शहर के गांधी चौक के पास से एक बाइक चोरी हुई। इस संदर्भ में सीसीटीवी की जब जांच की गई तो पता चला की हमीरपुर की ओर से बाइक सवार एक व्यक्ति आया। वह व्यक्ति जिस बाइक पर आया था, उसे गांधी चौक में खड़ा कर गया और वहां से एक स्थानीय व्यक्ति की बाइक को चुरा ले गया। पुलिस ने जांच में पाया कि गांधी चौक खड़ी की बाइक भी हमीरपुर से चोरी कर लाई गई थी। इसी बीच घुमारवीं शहर के दकडी चौक पर पिजा का रेस्टोरेंट चलाने वाले अनुराग नाम के व्यक्ति की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया। अनुराग ने बताया की दुकान के बाहर लगाए सीसीटीवी कैमरे में जांच की तो पाया कि दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए और वहां रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी बाइक को चुरा ले गए, जिस बाइक से वह चोर आये थे, उसे दुकान के सामने छोड़ गए। उधर, घुमारवीं थाना प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि बाइक चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।