-घुमारवीं उपमंडल में बारिश से 8.56 करोड़ रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विधायक राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में सभी विभागों के अधिकारियों,पंचायत के प्रतिनिधियों, पंचायत समिति के सदस्यों से विधानसभा घुमारवीं में बारिश से हुए नुकसान का रिपोर्ट ली।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि इस आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार हर व्यक्ति के साथ खड़ी है। भारी बारिश के कारण हुए सभी व्यक्तिगत नुकसान की भरपाई करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। बताया कि गत दिनों जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने जल्द से जल्द लोगों को राहत राशि उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे। इसको अमलीजामा पहनाते हुए अधिकारियों ने रिपोर्ट एकत्रित कर राहत राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि घुमारवीं उपमंडल में 8 करोड़ 56 लाख रुपये का बारिश से नुकसान हुआ है। उपमंडल घुमारवीं में विभिन्न जगहों पर लोक निर्माण विभाग अथवा पंचायतों के अंतर्गत डंगों, शौचालयों, पशुशालाओं और सड़कों की रिपोर्ट सभी उप उपमंडलों से प्राप्त हो गई है, जिसमें प्रक्रिया की पूर्ति कर अनुमोदित कर दिया जाएगा। कहा कि लोगों को उनके व्यक्तिगत नुकसान की भरपाई के लिए सरकार बरसात खत्म होने का इंतजार नहीं करेगी और समय पर राहत राशि जारी कर देगी।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला प्रशासन ने तीव्रता से कार्य करते हुए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकड़ा मात्र चार दिन में एकत्रित किया। अब मनरेगा के तहत होने वाले 2,413 कार्यों के लिए बजट जारी कर दिया गया है। इसमें सड़क, गोशाला, रिटेनिंग वॉल, शौचालय और अन्य निर्माण व मरम्मत के कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का पहला जिला है जहां इतने कम समय में भी कोई नुकसान बचता है तो वह रिकॉर्ड एकत्रित कर मनरेगा सेल्फ के व्यक्ति प्रशासन से संपर्क करे। उन्होंने कहा कि शौचालय के लिए 12 हजार, भूमि सुधार के लिए एक लाख, व्यक्तिगत रिटेनिंग वॉल के लिए 50 हजार की राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी घर पूरी तरह से नहीं टूटा है। जो भी नुकसान हुआ है उसकी मरम्मत के लिए कार्य आवंटित हो गए हैं।