फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: जगमग ज्योति लहराई, जय हो तेरी ज्वाला माई, भजन पर खूब झूमे श्रद्धालु

विज्ञापन
जिलास्तरीय मनसा माता मेले के शुभारंभ मौके पर मां ज्वालाजी से लाए जोत का स्वागत करते हुए। संवाद - फोटो : 1
विज्ञापन
मां भगवती के जागरण के साथ जिला स्तरीय माता मनसा मेले का शुभारंभ
विज्ञापन

विधायक विनोद सुल्तानपुरी व उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने किया जोत का स्वागत

पहले दिन माता के मंदिर में उमड़ी भीड़, लोगों ने की मेले के दौरान खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। जिला स्तरीय तीन दिवसीय मनसा माता मेले का शुभारंभ मंगलवार को मां भगवती के जागरण के साथ हुआ। हरियाणा के पंचकूला से पहुंची चरण ठाकुर एंड पार्टी ने भक्ति गीतों के माध्यम से महामाई का गुणगान किया और गणपति वंदना के साथ जागरण की शुरुआत की। जागरण में भजन गायक चरण ठाकुर के साथ महिला गायक डॉ. रेखा, जयपाल सहोता, नरेंद्र सहगल सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान जगमग ज्योति लहराई जय हो तेरी ज्वाला माई, मैं जोगन हो गई ओ मईया जी तेरे नाम की जैसे भजनों पर पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। इसके बाद राधा-कृष्ण की फूलों की होली और शिव भोलेनाथ के तांडव की झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से भर गया। जागरण का शुभारंभ कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने किया, जबकि उपायुक्त मनमोहन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। ज्वाला माता से लाई गई पवित्र जोत का धर्मपुर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया, जिसके बाद इसे मनसा माता मंदिर ले जाया गया और वहां से जागरण स्थल पर स्थापित किया गया। विधायक और उपायुक्त ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जागरण का शुभारंभ किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम सोलन महेंद्र प्रताप सिंह तथा तहसीलदार जगपाल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी माता के दरबार में शीश नवाया।

पहले दिन रही भीड़
मेले के पहले दिन मंगलवार होने के बावजूद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने घंटों कतारों में लगकर माता के दर्शन किए। मेले में बच्चों और महिलाओं ने भी खूब उत्साह दिखाया, बच्चों ने खिलौने खरीदे जबकि महिलाओं ने घरेलू उपयोग का सामान लिया।
विज्ञापन


नो पार्किंग और वन-वे व्यवस्था
प्रशासन ने 25 और 26 मार्च के लिए धर्मपुर बाजार से पढ़ाव तक नो पार्किंग जोन घोषित किया है। इस दौरान नियम तोड़ने पर पुलिस चालान करेगी। साथ ही पढ़ाव से मेला स्थल तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।

दुकानदारों की मांगों को किया अनसुना



मेला कमेटी की ओर से धर्मपुर बाजार में प्लाॅट काट कर दुकानदारों की मांग को अनसुना कर दिया है, जिससे दुकानदार नाराज है। मेले की बैठक में एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह व एपीएमसी के सदस्य महेश गुप्ता ने निर्णय लिया गया था कि धर्मपुर के कारोबारियों की मांग पर धर्मपुर बाजार से पढ़ाव तक सरकारी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, लेकिन मंगलवार शाम तक मौके पर ऐसी स्थिति नहीं दिख रही थी। इसके कारण कारोबारियों ने नाराजगी भी व्यक्त की है।
विज्ञापन


सड़क पर किया गया पैचवर्क
मेले के पहले दिन लोक निर्माण विभाग ने धर्मपुर बाजार से रेलवे ब्रिज तक सड़क पर गड्ढों को बजरी और पत्थर से भरकर अस्थायी मरम्मत की। हालांकि यह कार्य अस्थायी है, लेकिन इससे वाहन चालकों को कुछ राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर धूल कम करने के लिए पानी छिड़काव की भी मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें