गुग्गा मंदिर भटेड़ में हुआ कार्यक्रम, कलाकारों ने बांधा समां
भजनों, झांकियों और बरसाने की लीला ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा स्थित गुग्गा मंदिर भटेड़ परिसर में शुक्रवार रात श्री गुग्गा जागरण कमेटी की ओर से भगवती जागरण का आयोजन किया गया। देर रात से सुबह तक चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मनमोहनेयां बालक नाथा, न रोल माये मैं रूल गईया और माता रानी तेरी लत लग गई जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। पूरे मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। मंच संचालन एसीसी अदाणी समूह सीमेंट प्लांट में कार्यरत संजीव भारद्वाज ने किया। सुप्रसिद्ध पहाड़ी लोकगायक काकू राम ठाकुर, हिमाचली गायक सुरेश वर्मा और पंजाबी गायिका संजना भोला ने माता भगवती की भेंटों और भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायिका संजना भोला ने “मनमोनियां बालक नाथ, मां मेरी मुश्किलें टाल जाती है और माता रानी तेरी लत लग गई जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं सुरेश वर्मा ने कागा मीठा-मीठा बोल, तेरे बिन दिल नइयों लगदा मां मेरिए और चिमटे दी छनकार बाबा तेरे जैसे भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। लोकगायक काकू राम ठाकुर ने भी जय-जय भगवती माता, मेरी नैया पार लगा दे, न रोल माये मैं रूल गईया और ओ मेरी मां शेरों वाली जैसी भेंटों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी की सेवा भाव से जुड़ी आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जबकि बरसाने की लीला के मनमोहक मंचन ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया।
जागरण को सफल बनाने में सुरेश वर्मा और संजीव भारद्वाज के मार्गदर्शन में युवा टीम की सराहनीय भूमिका रही। उपस्थित लोगों ने आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की। इस मौके पर एसीसी अदाणी समूह सीमेंट प्लांट के प्रमुख महावीर बोलिया, सीएसआर प्रमुख हितेंद्र कपूर, एचआर विभाग से दया शर्मा, व्यवसायी शमशेर गौतम, अशोक ठाकुर, राजेश ठाकुर, सक्षम गुड़िया बोर्ड की वाइस चेयरमैन अरुणा महाजन, पूर्व प्रधान रमेश सांध्यार, इंटक जिलाध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, पूर्व उपप्रधान अवदेश भारद्वाज, गुग्गा निर्माण कमेटी के प्रधान विक्रम ठाकुर, सचिव गोपाल दास, कोषाध्यक्ष नीलम शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।