बैरी दड़ोलां और बैहना जट्टां बूथों में पहुंचकर विधायक ने की टिफिन बैठक
जब गांव आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे, तभी देश बनेगा आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में आत्मनिर्भर-विकसित भारत संकल्प ग्राम केंद्र पद यात्रा के दूसरे चरण ने ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता को नई ऊर्जा दी है। यात्रा के दूसरे दिन विधायक जीतराम कटवाल ने बैहना जट्टां ग्राम केंद्र के बैरी दड़ोलां और बैहना जट्टां बूथों में पहुंचकर टिफिन बैठकों में भाग लिया। अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनूप महाजन ने की।
बैठकों को संबोधित करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि आधुनिक भारत का वास्तविक निर्माण गांवों से ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह स्पष्ट सोच है कि जब गांव आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे, तभी देश आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बन सकेगा। इसी दृष्टि से केंद्र सरकार ग्रामीण विकास को सबसे ऊपर रखकर योजनाएं लागू कर रही है। भाजपा का संगठन केवल पार्टी की ताकत ही नहीं, बल्कि संकल्पों की पूर्ति का आधार है। संगठन जितना मजबूत होगा, देश उतनी तेजी से चारों ओर विकास करेगा। इसकी शुरुआत बूथ स्तर से होती है, इसलिए बूथों का सशक्त होना बेहद जरूरी है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत की यात्रा में गांव, कस्बे, ग्राम केंद्र और बूथ सबकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक ने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल का पानी पहुंचाना, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत देना, पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ किसानों को वार्षिक 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद, प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिये चार करोड़ से अधिक पक्के घरों का निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से हर गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना ये सभी योजनाएं गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। जीतराम कटवाल ने कहा कि झंडूता क्षेत्र में पिछले आठ वर्ष में मोदी सरकार और प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के सहयोग से व्यापक विकास हुआ है। इन बैठकों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष मन्हास, पूर्व प्रधान राजकुमार, ग्राम केंद्र अध्यक्ष जगरनाथ, बूथ अध्यक्ष पंकज पठानिया, उपेंद्र कुमार, सुखदेव, दिनेश चंदेल, मलकियत चंद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उनकी प्राथमिकता हमेशा से क्षेत्र के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रही है। बताया कि केवल बैहना जट्टां पंचायत में ही करीब 91 लाख रुपये की राशि विधायक निधि और अन्य मदों के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की गई है। यह विकास यात्रा आगामी वर्षों में और गति पकड़ेगी।