राष्ट्र, समाज, भाषा और संस्कृति में योगदान देने वाली प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
देशभर से जुटेंगे शिक्षाविद, साहित्यकार और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां
उपायुक्त राहुल कुमार होंगे कार्यक्रम के मुख्यातिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश इकाई की ओर से 23 अगस्त को बिलासपुर में राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में होने वाला यह समारोह चंगर सेक्टर स्थित भाषा एवं संस्कृति सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। फेडरेशन की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने बताया कि समारोह में उपायुक्त राहुल कुमार मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कर्नल जसवंत सिंह चंदेल विशिष्ट अतिथि, जबकि जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि समारोह में राष्ट्र, समाज, भाषा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक और रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था भारतीय भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षाविद, साहित्यकार, पत्रकार और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां भाग लेंगी। इनमें राष्ट्रीय संरक्षक एवं शिक्षाविद डॉ. भरत सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेंद्र बच्चन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, राजस्थान अध्यक्ष डॉ. राम स्वरूप भटनागर और बिहार अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव प्रमुख रूप से शामिल होंगे। ललिता कश्यप ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ युवा पीढ़ी को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना है। भाषा और संस्कृति समाज की पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बिलासपुरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। आयोजकों ने लोगों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।