उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय में 3 और 4 जून को काउंसलिंग
अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश ने शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के 130 पद बैच आधार पर भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिला बिलासपुर में भी 10 पद भरे जाएंगे।
इन पदों के लिए उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) कार्यालय बिलासपुर में 3 और 4 जून को काउंसलिंग होगी। उपनिदेशक प्रारंभिक स्कूल शिक्षा बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि जिले में सामान्य अनारक्षित वर्ग के पांच पद, ईडब्ल्यूएस वर्ग का एक पद, अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित का एक पद और अनुसूचित जाति अनारक्षित वर्ग के तीन पद भरे जाएंगे। सामान्य वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2005 बैच, ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2006 बैच, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2007 बैच तक के अभ्यर्थी पात्र होंगे। संबंधित रोजगार कार्यालयों से प्राप्त सूची के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में बुलाया जा रहा है। यदि किसी पात्र अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय की ओर से प्रायोजित नहीं किया गया है, लेकिन वह संबंधित रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है, तो ऐसे अभ्यर्थी भी 4 जून को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। उन्होंने बताया कि केवल वही अभ्यर्थी पात्र माने जाएंगे, जो शारीरिक शिक्षा शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी 2011 के तहत निर्धारित योग्यता पूरी करते हों। भर्ती प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01978-222589 पर किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क कर सकते हैं।