घुमारवीं बाल स्कूल में आयोजित एसएमसी की बैठक में उपस्थित अभिभावक। संवाद
- ड्रेस, पहचान कार्ड और अन्य सहायक सुविधाओं पर भी लिए गए सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं में शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से एक जनरल हाउस का आयोजन किया गया। बैठक विद्यालय के आगामी शैक्षणिक सत्र की रूपरेखा, विद्यार्थियों की समस्याओं और विद्यालय के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित रही।
बैठक की शुरुआत में स्कूल प्रबंधन ने सभी नए अभिभावकों और छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात पिछले सत्र की शैक्षणिक और सह पाठ्यक्रमीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की गई। प्रबंधन ने अभिभावकों को स्कूल की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही पिछली कुछ कमियों को स्वीकारते हुए उन्हें दूर करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर सभी उपस्थित अभिभावकों से संवाद स्थापित करते हुए उनके सुझाव आमंत्रित किए गए, जिससे आगामी सत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर किया जा सके। पिछले एक माह से चल रही कक्षाओं में विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं और उनकी पढ़ाई से जुड़ी कठिनाइयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अभिभावकों ने खुलकर अपनी बात रखी और विद्यालय को और अधिक उत्कृष्ट बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव साझा किए। बैठक में शिक्षा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी की भूमिका और अभिभावक, शिक्षक और बच्चों के बीच संवाद को प्रभावी बनाने, बच्चों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। विद्यालय की ड्रेस, पहचान कार्ड और अन्य सहायक सुविधाओं पर भी सुझाव लिए गए। समिति की अध्यक्ष कविता शर्मा ने अपने संबोधन में सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय प्रशासन बच्चों की पढ़ाई और समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रधानाचार्य अमरनाथ संधू, प्रवक्ता संजीव धर्माणी, डीपीई प्रेमलाल भुट्टो, दिलबर कटवाल, सचिन धीमान, एसएमसी सदस्य रीमा शर्मा, सरोज कुमारी और मीनाक्षी की विशेष रूप से उपस्थिति रहे।