घुमारवीं महाविद्यालय में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में महाविद्यालय छात्र केंद्रीय संघ (सीएससीए) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान शिल्पा कुमारी ने सीएससीए अध्यक्ष, साक्षी धूमल ने उपाध्यक्ष, निशा कुमारी ने सचिव और राशिका शर्मा ने संयुक्त सचिव के रूप में शपथ ग्रहण की। सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने तथा ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष शशि भूषण ठाकुर, डॉ. महिंद्र भाटिया, डॉ. कृष्ण लाल, प्रो. विनोद कुमार और प्रो. अनिल जमवाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। अभिभावक-शिक्षक संघ के फंड से नवनिर्वाचित सीएससीए पदाधिकारियों को ब्लेजर भी प्रदान किए गए। सीएससीए अध्यक्ष शिल्पा कुमारी ने कहा कि छात्र हितों और महाविद्यालय के विकास के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।
विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाने और महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता और ईमानदारी से करना चाहिए।