झंडूता की भल्लू-बिलौर-पिपलूघाट सड़क मार्ग पर चल रहा डंगे का कार्य। स्रोत: जागरूक पाठक
-झंडूता में सड़क चौड़ीकरण को लेकर उठा विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे भल्लू-बिलौर-पिपलूघाट सड़क मार्ग के सुधारीकरण कार्य के दौरान डंगे की कम ऊंचाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी ने आशंका जताई है कि यदि डंगे की ऊंचाई पर्याप्त नहीं बढ़ाई गई तो बरसात में पहाड़ी से मलवा गिरने से उनके रिहायशी मकान को खतरा हो सकता है।
उपमंडल मुख्यालय आनन्दघाट को जोड़ने वाले इस सड़क मार्ग पर धराड़ गांव के पास डंगे लगाने का कार्य चल रहा है। पिपलूघाट पुल से आगे करीब 300 मीटर से अधिक भूमि स्थानीय निवासी ओमप्रकाश की मलकीयत से सड़क निर्माण में उपयोग में लाई गई है। लोक निर्माण विभाग ठेकेदार के माध्यम से सड़क चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य करवा रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि का हिस्सा पहाड़ी नुमा है, जहां सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इसी दौरान पहाड़ी की ओर डंगे लगाए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय व्यक्ति का कहना है कि डंगे की ऊंचाई कम है। उनका तर्क है कि यदि डंगे पर्याप्त ऊंचे नहीं बनाए गए तो पहाड़ी खिसकने और मलवा गिरने की संभावना बनी रहेगी। ओमप्रकाश ने लोक निर्माण विभाग से डंगे की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, ताकि उनके मकान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सब डिविजन बरठीं के सहायक अभियंता सचिन नड्डा ने बताया कि स्थानीय व्यक्ति की मांग उचित है। उन्होंने कहा कि कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन कराया जाएगा और मकान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।