कहा, वोट चोरी के आरोपों पर तथ्य सामने रखे जाएं
कहा, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखना जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्र सरकार और निर्वाचन व्यवस्था से स्पष्ट जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठने वाले सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
तृप्ता ठाकुर ने कहा कि वोट चोरी जैसे आरोप सामने आने के बाद जनता के बीच पैदा हो रहे सवालों का तथ्यों के आधार पर समाधान होना चाहिए। निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि मतदाता सूचियों को तैयार करने से लेकर मतदान, मतगणना और परिणाम घोषित करने तक पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि निर्वाचन व्यवस्था से संबंधित किसी भी सवाल को नजरअंदाज करने के बजाय उसका तथ्यात्मक जवाब सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतदान कराने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मतदाता सूची से लेकर अंतिम परिणाम तक प्रत्येक चरण में निष्पक्षता और पारदर्शिता जरूरी है।
प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता की आवाज उठाता है और सरकार से सवाल करना उसका लोकतांत्रिक अधिकार है। मजबूत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव, स्वतंत्र अभिव्यक्ति और प्रभावी विपक्ष जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में किसी तरह का संदेह पैदा होता है तो संबंधित संस्थाओं को तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास कायम रहे।