आउटसोर्स कर्मियों के लिए स्थायी नीति बनाने का किया आग्रह
पेंशनरों की लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों पर की विस्तार से चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की घुमारवीं इकाई की बैठक शनिवार को घुमारवीं में हुई। इंजीनियर रामलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सबसे पहले भल्लू बस हादसे में जान गंवा चुके लोगों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पेंशनरों की लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया कि 1 जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 31 जनवरी 2022 तक संशोधित लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी व कम्यूटेशन के लाभ अब तक नहीं दिए गए हैं। पेंशनरों ने सरकार व बिजली बोर्ड प्रबंधन से लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। साथ ही, बिजली बोर्ड के कार्यरत कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और आउटसोर्स कर्मियों के लिए स्थायी नीति बनाने का आग्रह किया गया ताकि सेवानिवृत्ति के बाद सभी कर्मचारी सम्मान पूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। प्रधान इंजीनियर रामलाल शर्मा ने बताया कि 30 सितंबर को विद्युत भवन शिमला में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पेंशनरों की समस्याओं और मुख्य मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई थी। बोर्ड प्रबंधन ने कई मांगों पर सहमति जताई है, जिनमें जनवरी 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए नोशनल फिक्सेशन फैक्टर को सरकार के 8 सितंबर 2022 के आदेशानुसार पे मैट्रिक्स से ठीक करने का निर्णय प्रमुख है। कहा कि 70 से 75 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों के एरियर का भुगतान सितंबर 2025 से शुरू कर दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाएगा। वहीं, वर्ष 2022 से जून 2024 तक के नोशनल फिक्सेशन व एरियर का भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भारी बरसात से प्रभावित कुल्लू, मंडी और चंबा जिलों के पेंशनरों को एरियर भुगतान में विशेष रियायत देने का आश्वासन दिया गया है। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुखराम, महासचिव केएल शर्मा, उप प्रधान रूप लाल शर्मा, चीफ इंजीनियर एचएस चंदेल, अरविंद शर्मा, जे.के. महाजन, रमेश पजियाला,राम ठाकुर, रमेश शर्मा, रतनलाल महाजन, निखा राम, हरिराम, प्रकाश चंद, लखनपाल, मोहर सिंह, देव कृष्ण, प्रेम सिंह, देवराज, गुरुदेव, ब्रह्मदत्त शर्मा, बिशन दास शामा, लेखराम और बलदेव राज सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।