नगर परिषद घुमारवीं कार्यालय पहुंची घुमारवीं स्कूल की छात्राएं। स्रोत: स्कूल प्रबंधन
विज्ञान परियोजना के लिए नगर परिषद पहुंचीं घुमारवीं स्कूल की छात्राएं
अधिकारियों से जानी घर-घर कचरा संग्रहण से लेकर निपटान और पुनर्चक्रण तक की प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घुमारवीं की कक्षा नौवीं की छात्राओं हर्षाइली, मीनाक्षी और आश्वी ने विज्ञान परियोजना कार्य के तहत नगर परिषद कार्यालय का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरान छात्राओं ने शहर में ठोस कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को करीब से समझा।
छात्राओं ने नगर परिषद अधिकारियों से शहर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे, घर-घर से कचरा एकत्र करने की व्यवस्था और गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सफाई व्यवस्था के रोस्टर, कचरा संग्रहण के बाद उसके निपटान और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को भी समझा। अधिकारियों ने छात्राओं को शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण के दौरान आने वाली चुनौतियों से अवगत करवाया। खुले में कचरा फेंकने से पर्यावरण और स्वच्छता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने जाना कि कचरे का सही पृथक्करण, संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से निपटान पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। दौरे के माध्यम से छात्राओं को किताबों से अलग वास्तविक जीवन में कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।