फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: नगर परिषद घुमारवीं का कूड़ा प्रबंधन हुआ डिजिटल

Mon, 16 Feb 2026 11:49 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शुरू की ऑनलाइन शुल्क वसूली व्यवस्था, घर-घर पंजीकरण अभियान शुरू
विज्ञापन

शुल्क न जमा करने पर भरना होगा 250 रुपये मासिक जुर्माना

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं। शहर में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद घुमारवीं ने मासिक कूड़ा संग्रहण शुल्क की वसूली को पूरी तरह ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। नई डिजिटल प्रणाली लागू करने के लिए परिषद ने व्यापक पंजीकरण अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत शहर के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
परिषद के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान को सफल बनाने के लिए करीब 18 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो घर-घर जाकर उपभोक्ताओं का पंजीकरण करेंगे। इस दौरान मकान मालिकों के साथ किरायेदारों का पंजीकरण भी अनिवार्य रूप से किया जा रहा है, ताकि कोई भी उपभोक्ता प्रणाली से बाहर न रह जाए। प्रत्येक आवासीय और व्यावसायिक इकाई का पूरा विवरण डिजिटल रूप से दर्ज कर उसे ऑनलाइन सिस्टम से लिंक किया जाएगा। पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर देय शुल्क की सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके बाद उपभोक्ता मोबाइल फोन के जरिए ही आसानी से शुल्क जमा कर सकेंगे। परिषद का मानना है कि इस व्यवस्था से नकद लेनदेन की प्रक्रिया समाप्त होगी, रिकॉर्ड व्यवस्थित रहेगा और भुगतान से संबंधित विवादों की संभावना भी कम होगी। साथ ही समय पर शुल्क जमा होने से कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खाते में प्रति माह 250 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। यह प्रावधान लोगों को नियमित भुगतान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रखा गया है, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो। परिषद ने शहरवासियों से पंजीकरण अभियान में सहयोग करने और समय पर शुल्क जमा करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा और यह पहल घुमारवीं को तकनीकी रूप से सशक्त तथा स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोट
कूड़ा उठाने के एवज में लिए जाने वाले शुल्क की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है ताकि लोग समय पर शुल्क जमा कर सकें और व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। शहर में सभी व्यावसायिक तथा घरेलू उपभोक्ताओं का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। लोगों से अपील है कि वे नगर परिषद का सहयोग करें, ताकि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
खेमचंद वर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद घुमारवीं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें