चार मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से होगा युक्त
4.75 करोड़ की लागत से टिकरी में तैयार किया जा रहा भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित और अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधा अब साकार रूप लेती दिखाई दे रही है। घुमारवीं स्थित अग्निशमन चौकी को जल्द ही अपना आधुनिक और सुव्यवस्थित भवन मिलने जा रहा है। भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि कुछ माह में यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके बाद अग्निशमन चौकी को अपने नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। अभी तक अग्निशमन चौकी का कार्यालय घुमारवीं के बचत भवन से स्थाई रूप से संचालित किया जा रहा है। नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर-6 टिकरी वार्ड में, कोर्ट परिसर के समीप बन रहे इस बहुप्रतीक्षित भवन पर करीब 4.75 करोड़ की लागत आएगी। 1.10 बीघा भूमि पर निर्मित हो रहा यह चार मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। भवन के भूतल पर दमकल वाहनों के लिए गैराज और ड्यूटी रूम की व्यवस्था की गई है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। प्रथम मंजिल पर विभागीय कार्यालय स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरी मंजिल पर कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर बनाए जा रहे हैं। चौथी मंजिल पर किचन और एक विशाल डाइनिंग हॉल का निर्माण किया जा रहा है, जहां कर्मचारियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होगी। इस नए भवन के तैयार होने से दमकल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं फायर ब्रिगेड के संसाधनों में भी विस्तार की संभावनाएं प्रबल होंगी। साथ ही, अग्निशमन चौकी के अपग्रेड होकर अग्निशमन केंद्र बनने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए स्थापित इस अग्निशमन चौकी से वर्तमान में करीब डेढ़ लाख की आबादी लाभान्वित हो रही है। वर्तमान में यह फायर चौकी घुमारवीं के बचत भवन से मात्र दो कमरों में संचालित हो रही है, जहां तीन फायरमैन, एक लीडिंग फायरमैन, छह होमगार्ड, चार ड्राइवर सहित कुल 14 कर्मचारी तथा दो दमकल वाहन तैनात हैं। सीमित स्थान के कारण कर्मचारियों को अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता रहा है।
कोट
दमकल विभाग घुमारवीं के लिए नया भवन बनाया जा रहा है। शीघ्र ही यह कार्य पूरा हो जाएगा। इससे न केवल कर्मचारियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में भी लोगों को अच्छी सेवाएं मिलेंगी। भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने पर यही से विभाग का कार्य सुचारू चलेगा। -
राजेश धर्माणी, तकनीकी शिक्षा मंत्री