- दोपहर और रात को सिर्फ ढाई घंटे बंद रहेंगे कपाट
- मालवाहक में श्रद्धालुओं के आने पर रहेगी पाबंदी
- आज से शुरू होगा तीन दिवसीय नववर्ष मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। नववर्ष मेले के दौरान श्री नयनादेवी जी मंदिर के कपाट रात 1:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मेले के दौरान दोपहर और रात को सिर्फ ढाई घंटे मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इस दौरान पांच पहर की आरती की जाएगी।
तीन दिवसीय नव वर्ष मेला शनिवार को शुरू हो जाएगा। शनिवार को दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक कपाट रहेंगे। इस दौरान दोपहर की आरती की जाएगी, जबकि रात 11:30 बजे से 1:30 बजे तक भी कपाट बंद रहेंगे। इस दौरान चार पहर की आरती की जाएगी। मेले के दौरान मालवाहक मेंं श्रद्धालुओं के आने पर पाबंदी रहेगी। श्रद्धालुओं से भरे मालवाहकों को पंजाब सीमा कोला वालां टोबा में ही रोक दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को वहां से बसों के माध्यम से या फिर छोटी गाड़ियों में श्री नयना देवी जी पहुंच सकेंगे। मेला पुलिस अधिकारी डीएसपी विक्रांत बोंसरा ने बताया कि लाखों की संख्या में श्रद्धालु नववर्ष के मेले के दौरान मंदिर पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह 300 पुलिस और 150 होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि नववर्ष पर पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई श्रद्धालु पटाखे चलाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों को निर्देश भी दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी सहायता के लिए तत्पर रहें।