शाहतलाई उत्सव की दूसरी संध्या में गौरव कौंडल ने बिखेरा जादू
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई उत्सव 2025 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या रविवार को धूमधाम से आयोजित की गई। दूसरी सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हिमाचली कलाकार सौरव शर्मा ने हिमाचली, पहाड़ी और पंजाबी गीतों से की।
इसके बाद वाइस ऑफ पंजाब गौरव कौंडल ने मंच संभाला। उन्होंने मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे, राम आएंगे, दिल साडा चोरी हो गया की करिए की करिए, झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में और बिलासपुरी पहाड़ी गीत खाना पीना नंद लैणी हो गंभरीए गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। झंडूता विधानसभा के विधायक जीत राम कटवाल और बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सनातन सेवा समिति के संयोजक सुदर्शन शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने अनुराग ठाकुर, विधायक जीत राम कटवाल और विधायक इंद्र दत्त लखनपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सनातन सेवा समिति शाहतलाई के अध्यक्ष शशि रघुवंशी, झंडूता मंडल भाजपा के अध्यक्ष रस्म सिंह चंदेल,भाजपा मंडल शाहतलाई के अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा,नगर पंचायत तलाई के पूर्व अध्यक्ष बलदेव स्याल सहित कई अन्य उपस्थित रहे।