बिलासपुर में थोक गोदाम में निरीक्षण पर पहुंची जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शी
पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं देने पर दिया जोर, अधिकारियों, कर्मचारियों को दिए दिशानिर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के पद पर शनिवार को शीतल शर्मा ने कार्यभार संभाल लिया। यह उनकी पहली नियुक्ति है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए राज्य आपूर्ति निगम के थोक गोदाम, उचित मूल्य की दुकानों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान शीतल शर्मा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। राज्य आपूर्ति निगम के थोक गोदाम में उन्होंने खाद्यान्न के रखरखाव, उपलब्ध स्टॉक और रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। वहीं उचित मूल्य की दुकानों में राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, उपभोक्ता रजिस्टर और आवश्यक सूचना पट्टों की जांच की। उन्होंने संचालकों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने और पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
गैस एजेंसियों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति, उपभोक्ता सेवाओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने, गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। कार्यभार संभालने के बाद शीतल शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।