दावी घाटी युवा सेवा दल के फ्री मेडिकल कैंप में हुआ वाकया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान दावी घाटी युवा सेवा दल द्वारा रविवार को लगाए गए पहले निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 12:30 बजे लंगर स्थल के सामने एक श्रद्धालु को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। मौके पर मौजूद सेवा दल के सदस्य दीपक महाजन ने बिना समय गंवाए तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। समय पर की गई इस कार्रवाई से श्रद्धालु की जान बच गई। इस पूरे घटनाक्रम ने जहां लोगों को झकझोर कर रख दिया, वहीं दीपक महाजन की सतर्कता और सेवाभाव ने सभी का दिल जीत लिया। कैंप में मौजूद लोगों ने उनकी इस मानवीय पहल की खुलकर सराहना की। संस्था ने इस घटना को अपने पहले कैंप की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है और कहा है कि यह सेवा कार्य समाज को नई दिशा देने वाला है। दावी घाटी युवा सेवा दल ने दीपक महाजन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।