घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में एक कार सड़क किनारे पेड़ के ठूंठ से टकरा गई। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल घुमारवीं में चल रहा है।
रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे घुमारवीं शहर में आईपीएच चौक के पास कुठेड़ा की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ठूंठ से टकरा गई। आवाज सुन कर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को कार से निकाल कर सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान कार चालक रणजीत कुमार(67) निवासी गांव डबर, डाकघर थुराण तहसील झंडूता जिला बिलासपुर की मौत हो गई।
रणजीत कुमार अपनी पत्नी बिमला देवी (65), भाभी सुनीता देवी (49) और दोहते केशव (7) के साथ रिश्तेदारी में किसी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है।