ब्रहमपुखर-नलवाड़ सड़क खस्ताहाल। संवाद
वाहन चलाने पर धूल उड़ने से बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदार परेशान
गड्ढों को अस्थायी तौर पर पत्थर और मिट्टी डालकर भर रहा है लोनिवि
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला क्षेत्र के नम्होल उपमंडल स्थित ब्रह्मपुखर–नलवाड़ सड़क लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में है। बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों और दुकानदारों का कहना है कि वाहन चलाने पर भारी धूल उठती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, दुकानदारों का जीवन दूभर हो गया है।
कोटला पंचायत के पूर्व प्रधान बाबू राम, अनीश शर्मा, रमेश कुमार और हरि सिंह ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग गड्ढों को अस्थायी तौर पर पत्थर और मिट्टी डालकर भर रहा है। इसके बावजूद सड़क पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है और धूल के गुबार से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि बारिश और खराब मौसम की वजह से सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो रही है। लोगों ने मांग की है कि विभाग सड़क की जल्द मरम्मत करे और तब तक ब्रह्मपुखर, पटवार खाना, झंडा, जुखाला, गसौड़ आदि स्थानों पर नियमित झाड़ू लगवाई जाए ताकि धूल से कुछ राहत मिल सके। कहा कि यदि विभाग ने तुरंत कदम नहीं उठाए, तो दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। लोकनिर्माण विभाग मंडल दो के अधिशाषी अभियंता रंजन गुप्ता ने बताया कि मौसम अनुकूल होते ही इस सड़क की मरम्मत करवा दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की सुरक्षा और सड़क की दशा सुधारना विभाग की प्राथमिकता में शामिल है।