मातृ सदन भवन में होगा समारोह, सांसद अनुराग ठाकुर होंगे मुख्यातिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी मंडल श्री नयना देवी की ओर से 18 जुलाई को मातृ सदन भवन में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इसमें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर मुख्यातिथि तथा श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषद और अन्य स्थानीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को जनसेवा और विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहित करना है। समारोह के दौरान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प तथा ग्रामीण विकास, युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। वहीं विधायक रणधीर शर्मा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान करेंगे। भाजपा मंडल के अनुसार यह कार्यक्रम सम्मान के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद, समन्वय और विकास के साझा संकल्प को भी मजबूत करेगा।