केंद्रीय विद्यालय की कक्षाओं को लेकर अभिभावकों के धरने के बाद जागा प्रशासन
बारिश के चलते सराय स्थित विद्यालय के कमरे हुए हैं असुरक्षित घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं के भवन में कक्षाएं बंद होने से नाराज अभिभावक वीरवार को बच्चों के साथ एसडीएम घुमारवीं के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। अभिभावकों की इस मांग और विरोध को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। निर्णय लिया गया कि केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं अब पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं से संचालित की जाएंगी।
बताते चलें कि बारिश के कारण मंदिर सराय में स्थित केंद्रीय विद्यालय के भवन में दरारें आ गईं थीं, जिसके बाद भवन को असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके चलते कक्षा पहली से सातवीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से करवाई जा रही थी। अधिकांश अभिभावकों ने इसे अव्यवहारिक बताते हुए बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहे प्रभाव और मोबाइल इंटरनेट के खर्च को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। सोमवार को अभिभावकों ने प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि स्थायी या अस्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे बच्चों सहित धरने पर बैठेंगे। अभिभावकों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर से मिलकर भी बच्चों के भविष्य के लिए कोई व्यवस्था बनाए जाने की मांग दोहराई थी। अनुराग ठाकुर ने भी तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था बनाए जाने की मांग की थी। वीरवार सुबह अभिभावक बच्चों के साथ विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए और वहां से एसडीएम कार्यालय गए, जहां पर धरना देकर वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई।
हालांकि एडीसी बिलासपुर ओमकांत ठाकुर, एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी और शिक्षा उपनिदेशक वहां पर पहले से मौजूद थे। अधिकारियों ने अभिभावकों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला घुमारवीं में कमरों की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि जल्द ही आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर और स्कूल फर्नीचर को शिफ्ट करने के बाद कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इस निर्णय से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को राहत मिली है।
कोट
केंद्रीय विद्यालय के बच्चों के लिए प्रशासन की तरफ से छात्र स्कूल घुमारवीं में आठ कमरों की व्यवस्था कर दी गई है। एडीसी बिलासपुर और उपनिदेशक शिक्षा विभाग भी मौके पर पहुंचे थे। कुछ औपचारिकताएं हैं, जिनके पूरा होते ही कक्षाएं शुरू करवा दी जाएंगी।
गौरव चौधरी, उप मंडलीय अधिकारी घुमारवीं
घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय की कक्षाओं को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर बच्चों के साथ धरना दे