बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के सरयून धार स्थित देवी हिंडिंबा मंदिर में वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। लेकिन प्रशासन स्तर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होने से मंदिर में भक्तों का रेला दर्शन के लिए पहुंच रहा है। ऐसे में क्षेत्र में बड़ी संख्या में जुट रही भीड़ से स्थानीय लोगों में कोरोना संक्रमण का भय सता रहा है। हालांकि मंदिर सुधार समिति ने प्रशासन से शासन की गाइडलाइन की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
देवी हिडिंबा मंदिर सुधार समिति के कैप्टन सुखलाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में कोविड-19 महामारी के बचाव के प्रति श्रद्धालुओं के मंदिर में आने की बजाए घरों में रहना उनके लिए उचित है, लेकिन देवी हिडिंबा मंदिर सरयून, चलैहली में दूर-दूर से श्रद्धालु अपने वाहनों की सहायता से यहां पर पहुंच रहे हैं। जिसके चलते मंदिर सुधार समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों में कोविड-19 के संक्रमण के फैलने का खौफ बना हुआ है।
कैप्टन सुखलाल का कहना है कि श्रद्धालुओं को कई बार समझा चुके हैं कि निषेध समय अवधि के दौरान इस धार्मिक स्थल पर शीश नवाने नहीं आएं। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि लोग सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की अनुपालना करें तथा अपने घर से ही मां की पूजा अर्चना करें।
समिति अध्यक्ष कैप्टन सुखलाल ने श्रद्धालुओं को चेताया है कि अगर श्रद्धालुओं ने सरकार के दिशा निर्देशों की अनुपालना नहीं की तो वह पुलिस प्रशासन को सूचित कर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत उचित कार्रवाई अमल मेें लाई जाएगी।