लुहणू मैदान में विरासत-ए-कहलूर क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए तीन मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लुहणू मैदान में विरासत-ए-कहलूर क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को तीन मैच खेले गए। रॉयल क्लब जुखाला, स्ट्राइकर इलेवन और वोहरा फायरहॉक ने जीत दर्ज की। पहला मुकाबला वोहरा फायरहॉक और ऑल स्टार बिलासपुर के बीच खेला गया। वोहरा फायरहॉक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। वोहरा फायरहॉक ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 104 रन बनाए। सक्षम दत्ता ने 37 और रिहान खान ने 26 रनों का योगदान दिया। ऑल स्टार की ओर से साहिद, करण और नीरज ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑल स्टार की टीम 13.1 ओवर 57 रन पर ऑलआउट हो गई और 47 रन से मैच हार गई। ऑल स्टार की ओर से शिव ने 13 रन बनाए। फायरहॉक की ओर से अमित शर्मा सक्षम दत्ता ने तीन विकेट हासिल किए। दूसरा मैच रॉयल क्लब जुखाला और एचसीसी बंदला के बीच खेला गया। जुखाला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बंदला टीम की शुरुआत अच्छी रही। हालांकि अंत के ओवर में टीम अधिक रन नहीं बना पाई। बंदला ने छह विकेट खोकर 126 रन बनाए। पंकज ने 47 और सतीश ने 22 रनों की पारी खेली। जुखाला की ओर से सुमेश ने चार विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुखाला टीम ने 13.3 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। जुखाला की ओर से अनिल ने नाबाद 53 रन की पारी खेली। बंदला की ओर से अंकित ने तीन विकेट हासिल किए। तीसरा मुकाबला गॉड इलेवन और स्ट्राइकर इलेवन के बीच खेला गया। स्ट्राइकर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 121 रन बनाए। आरिफ ने 65 और विशाल ने 26 रनों का योगदान दिया। गॉड इलेवन की ओर से शहजाद खान ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गॉड इलेवन की टीम 15 ओवर में 79 रन पर ऑलआउट हो गई और 42 रन से मैच हार गई। स्ट्राइकर इलेवन की ओर से रमन ने चार विकेट हासिल किए।