स्कूलों की समस्याओं और संघ की मांगों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ बिलासपुर की कार्यकारिणी और सभी छह खंडों के पदाधिकारियों ने जिला प्रधान राकेश पटियाल की अगुवाई में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) बिलासपुर अरुण गौतम से शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में कार्यभार संभालने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने अरुण गौतम को शॉल, पहाड़ी टोपी तथा बिलासपुर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता नयना देवी की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुभवी अधिकारियों के नेतृत्व से शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को लाभ मिलता है और उन्हें विश्वास है कि अरुण गौतम के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
जिला प्रधान राकेश पटियाल ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषय लंबे समय से शिक्षकों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। उन्होंने जेबीटी से मुख्य अध्यापक पद पर पदोन्नति, मुख्य अध्यापक से केंद्रीय मुख्य अध्यापक पदोन्नति, शिक्षकों की नियमित नियुक्ति, वरिष्ठता सूची, प्राथमिक पाठशालाओं में शिक्षकों की कमी, प्रतिनियुक्ति से जुड़ी समस्याएं, विद्यालयों में पानी और बिजली के बिलों के भुगतान में आ रही कठिनाइयों तथा मध्याह्न भोजन के लिए रसोई गैस सिलिंडरों की आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि उपनिदेशक कार्यालय से प्राथमिक शिक्षकों को हमेशा सहयोग मिलता रहा है और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने आशा जताई कि शिक्षकों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान होगा जिससे शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी। उपनिदेशक अरुण गौतम ने संघ की सभी बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है। इसके लिए विभाग और शिक्षक मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षकों की पदोन्नति, नियमित नियुक्ति तथा अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आश्वासन दिया।