डाइट जुखाला में शिक्षकों का स्टैम विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
-जिले के विज्ञान और गणित विषय पढ़ाने वाले 45 शिक्षकों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में स्टैम विषयों पर आधारित दो दिवसीय अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी निशा गुप्ता ने की।
कार्यक्रम में जिले के विज्ञान और गणित विषय पढ़ाने वाले 45 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीकी नवाचारों से जोड़ना और कक्षा शिक्षण को आधुनिक उपकरणों के माध्यम से सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण का संचालन स्टैम परियोजना के जोनल मैनेजर सुखबीर कुमार, मास्टर ट्रेनर नितिन यादव और स्टैम इंस्ट्रक्टर अक्षय कुमार ने किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों को पिक्टोब्लॉक्स सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हुए एनिमेटेड स्टोरी और प्रेजेंटेशन तैयार करना सिखाया गया, ताकि बच्चे तकनीकी विषयों को अधिक रोचक ढंग से समझ सकें। पिक्टोब्लॉक्स में किस तरह विभिन्न किरदार और दृश्य को जोड़ा जाए, उनकी स्थिति और दृश्य को कहानी के अनुसार व्यवस्थित करना सिखाया गया। कार्यक्रम में स्प्राइट को चलाने, घुमाने, बोलने जैसी क्रियाएं ब्लॉक कोडिंग द्वारा कराई गईं। इवेंट ब्लॉक, मोशन ब्लॉक और कंट्रोल ब्लॉक के प्रयोग की विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों को ब्लॉक कोडिंग का अभ्यास कराया गया। शिक्षकों को पिक्टोब्लॉक्स में मशीन लर्निंग मॉडल बनाना सिखाया गया। साथ ही पिक्टोब्लॉक्स में 3-डी मॉडलिंग टूल के इस्तेमाल से घर, पार्क, सड़क और कार जैसे मॉडल का निर्माण करना सिखाया गया। इस प्रशिक्षण का लक्ष्य शिक्षकों को भविष्य की तकनीकों जैसे एआई, एमएल, कोडिंग और एक्स आर से सुसज्जित करना है ताकि वह विद्यार्थियों को 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षित कर सकें। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।