डाइट जुखाला में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित शिक्षक । संवाद
डाइट जुखाला में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में स्कूलों के स्नातक और सी एंड वी शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। इसका शुभारंभ उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता एवं डीपीओ समग्र शिक्षा निशा गुप्ता ने ऑनलाइन माध्यम से किया।
इसमें शिक्षकों को तकनीकी आधारित नवाचार के माध्यम से शिक्षण को प्रभावी बनाने की जानकारी दी जा रही है। शिविर में फोटो, वीडियो संपादन, एमएस ऑफिस, गूगल शीट्स आदि विषयों के बारे में चर्चा की जाएगी। आईसीटी समन्वयक संतोष चंदेल ने बताया कि शिविर में जिले के 350 शिक्षक भाग ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण को एससीईआरटी सोलन की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अध्यापकों को स्कूलों में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सिखाना है। ताकि वह छात्रों को आधुनिक तरीकों से शिक्षित कर सकें। जिले में अधिकतर पाठशालाओं में समग्र शिक्षा और स्टार्स प्रोजेक्ट के तहत अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को बहुत उपयोगी बताया। शिक्षकों ने बताया कि इससे उनकी शिक्षण पद्धति में सुधार आएगा और पढ़ाई को रोचक बनाया जा सकेगा।