घुमारवीं में आयोजित शिवा टैक्सी यूनियन की की बैठक में मौजूद टैक्सी ऑपरेटर। स्रोत: यूनियन
चंडीगढ़ सवारियां ले जाने वाले वाहन चालकों को सात दिन का समय, इसके बाद विभागों में उठाएंगे मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। शेयरिंग के नाम पर निजी वाहनों से चंडीगढ़ के लिए सवारियां ले जाने के मामले को लेकर शिवा टैक्सी यूनियन घुमारवीं ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को आयोजित यूनियन की बैठक में टैक्सी ऑपरेटरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष राम रतन शर्मा और पिंकी भी मौजूद रहे।
बैठक में निजी वाहनों से शेयरिंग के नाम पर चंडीगढ़ के लिए सवारियां ले जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटर नियमों के तहत अपना व्यवसाय कर रहे हैं, जबकि निजी वाहनों से सवारियां ले जाने से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। यूनियन ने संबंधित वाहन चालकों को ऐसी गतिविधियां बंद करने के लिए सात दिन का समय दिया है। पदाधिकारियों ने कहा कि निर्धारित अवधि के बाद भी यदि निजी वाहनों से शेयरिंग के नाम पर सवारियां ले जाने का सिलसिला जारी रहा तो मामला संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई के लिए कदम उठाए जाएंगे।
शिवा टैक्सी यूनियन घुमारवीं के प्रधान सुरेश शर्मा ने कहा कि शेयरिंग के नाम पर निजी वाहनों से चंडीगढ़ सवारियां ले जाना टैक्सी ऑपरेटरों के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि संबंधित वाहन चालकों को सात दिन का समय दिया गया है। इसके बाद यूनियन विभागों के समक्ष मामला उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनियन का उद्देश्य किसी वाहन चालक को परेशान करना नहीं, बल्कि टैक्सी ऑपरेटरों के हितों की रक्षा और नियमों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखना है।