प्राथमिक स्कूल घंडालवीं में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को हाथ धोने के तरीके सिखाते हुए। स्रोत:
हाथ धोने और सूखे-गीले कचरे को अलग रखने की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं की खाद्य, पोषण, कल्याण एवं स्वास्थ्य समिति और ठोस कचरा प्रबंधन समिति की ओर से गोद लिए प्राथमिक स्कूल घंडालवीं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक आचार्य सीमा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।
बच्चों को एनिमेशन वीडियो के माध्यम से साबुन से हाथ धोने का सही तरीका समझाया गया। इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र में बच्चों से स्वच्छता और साफ पानी से संबंधित सवाल पूछे गए। सही उत्तर देने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा ने बच्चों को सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीले डस्टबिन में सूखा और हरे डस्टबिन में गीला कचरा डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि बचपन से ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की आदतें अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक और कॉलेज समिति के सदस्य उपस्थित रहे।