परमवीर चक्र विजेता संजय शर्मा करेंगे मेले का शुभारंभ, कल से सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला रविवार को 5 अप्रैल से शुरू होगा। इसका शुभारंभ परमवीर चक्र विजेता संजय शर्मा करेंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे। इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता सेनानी शैहज राम शर्मा, शंकर दास वर्मा तथा भाग सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेले का शुभारंभ घुमारवीं के प्रसिद्ध शिव मंदिर से पारंपरिक शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा में क्षेत्र के लोग भाग लेकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। शोभायात्रा के मेला ग्राउंड पहुंचने के बाद बैलों का पूजन एवं ध्वजारोहण समारोह होगा, जिसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज होगा। एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बताया कि 6 से 9 अप्रैल तक प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 6 अप्रैल को गौरव कौंडल, 7 अप्रैल को इशांत भारद्वाज, 8 अप्रैल को कुमार साहिल, 9 अप्रैल को अनुज शर्मा दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले के दौरान पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बैडमिंटन और फुटबाल के साथ इस बार हैंडबाल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कुश्ती प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें इस बार बच्चों के लिए बाल केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। बेबी शो का भी आयोजन किया जाएगा। मेले के समापन समारोह में आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। एसडीएम गौरव चौधरी ने कहा कि यह ग्रीष्मोत्सव मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक धरोहर को संजोने के साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है।