कंदरौर पुल पर मंगलवार को एक व्यक्ति आंखों में पट्टी बांधकर छलांग लगाने की कोशिश की लेकिन इसी दौरान एक युवक ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। छलांग लगाने की कोशिश करने वाला शख्स मूल रूप से हमीरपुर का रहने वाला है।
जब वहां मौजूद लोगों ने उससे इसकी वजह पूछी गई तो पारिवारिक समस्या बताकर रोने लगा। मामला मंगलवार दोपहर का है जब जसवीर जस्सी नामक युवक कंदरौर पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक एक शख्स पुल की रैलिंग में चढ़ रहा था। युवक ने फौरन बाइक रोका और उसे रोक लिया।
इस दौरान पुल से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों के अनुसार आत्महत्या के इरादे से आया व्यक्ति रो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल से नदी की ऊंचाई के कारण शख्स डरा हुआ था।
इसी वजह से उसने आंखों पर पट्टी बांधकर छलांग लगाने की कोशिश की। लेकिन, आंखों पर पट्टी बंधी होने के कारण वह पुल की रैलिंग पर चढ़ नहीं पा रहा था।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर उक्त शख्स को हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि कंदरौर पुल में आए दिन लोग छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेते हैं। हाल ही में दिल्ली के युवक ने पुल से छलांग लगा ली थी, लेकिन उसे मछुआरों और स्थानीय लोगों ने बचा लिया।
इससे पहले भी पुल से कई लोग आत्महत्या करके जान गंवा चुके हैं। लोग पुल में कई बार जालियां लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इसको लेकर संजीदा नहीं है।