-घुमारवीं महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में जेंडर चैंपियन क्लब ने डिजिटल युग में महिलाओं का सशक्तीकरण विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इसका उद्देश्य महिलाओं के प्रति बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नारा लेखन और पोस्टर प्रस्तुतियां देकर महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं को महिलाओं के प्रति वर्तमान में हो रहे साइबर अपराध, साइबर सुरक्षा, साइबर कानून, ऑनलाइन उत्पीड़न एवं मानसिक स्वास्थ्य, महिला अधिकार, महिला कानून पर जानकारी दी। कार्यक्रम में क्लब के विद्यार्थी रिहान शेख ने महिला सशक्तीकरण, शैलजा ने साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों, प्रिया ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न उपायों, शगुन ने साइबर सुरक्षा और साइबर कानून, जेंडर चैंपियन स्वाति ने सुरक्षित इंटरनेट प्रयोग, अंशु ने ऑनलाइन उत्पीड़न, मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव, अंबिका, तान्या, सोनिका, अंशु, चांदनी ने एआई, साइबर सुरक्षा, साइबर कानून, महिलाओं के अधिकार, कानून, और महिला सशक्तीकरण पर नारा लेखन से विद्यार्थियों को जागरूक किया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. प्रीतम ने कहा कि वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग निरंतर बढ़ता जा रहा है जिसके कारण साइबर अपराध के नए-नए रूप सामने आ रहे हैं। ऐसे में हम सभी को जागरूक और सतर्क होकर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर प्रसारित की जाने वाली सूचनाओं का प्रयोग करना चाहिए। इस दौरान अंग्रेजी विभाग के डॉ. चंचल ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी दी और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के टिप्स दिए। जेंडर चैंपियन निखिल शर्मा ने मंच संचालन किया और जेंडर चैंपियन क्लब के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर क्लब की संयोजक डॉ. रीता, सदस्य प्रो. कविता, प्रो. पूजा, क्लब के विद्यार्थी एवं अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।