विद्यार्थियों को दी कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी
घुमारवीं महाविद्यालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस, रोवर एंड रेंजर, जेंडर चैंपियन क्लब, योग क्लब के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को कॉलेज में गठित एंटी रैगिंग समिति, वूमेन सेल, महिला शिकायत प्रकोष्ठ, स्वास्थ्य जागरुकता, नशा निवारण समिति, कॅरियर गाइडेंस सेल, अनुशासन समिति के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को कॉलेज में चलाए जा रहे विभिन्न व्यावसायिक कोर्सों और उनको रुचि के अनुसार विषयों में कॅरिअर बनाने के लिए मार्गदर्शन किया गया। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. प्रीतम लाल ने कहा कि कॉलेज में किसी भी तरह की रैगिंग बिल्कुल निषेध है और इसके लिए विद्यार्थी कॉलेज में गठित एंटी रैगिंग समिति, यूजीसी के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने कॉलेज में आए नए विद्यार्थियों का स्वागत किया और उनको उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल अपने पाठ्यक्रमों की शिक्षा ही ग्रहण न करें बल्कि मानवीय मूल्य को भी सीखें। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी कॉलेज में प्रवेश लेते हैं तो वह किशोरावस्था के अंतिम चरण और युवावस्था के शुरुआती चरण में प्रवेश करते हैं। यह एक ऐसा जीवन काल होता है जब उन्हें अपने कॅरिअर और जीवन के लक्ष्यों को निर्धारित करना होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज के संसाधनों एवं संपत्ति को सुरक्षित रखने का आह्वान भी किया। साथ ही विद्यार्थियों से परिसर को साफ-सुथरा रखने, प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाए रखने, अनुशासन और सभ्यता बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर प्रो. बच्चन सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह भाटिया, डॉ. सूर्यकांत, डॉ. बासुदेव, प्रो. विवेक, डॉ. रीता, डॉ. प्रवीण, डॉ. मनोरमा, डॉ. अंजना, प्रो. रमेश, प्रो. राकेश, राजीव चौहान आदि उपस्थित रहे।