घंडालवीं कॉलेज में संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस के अवसर पर आयोजित सेमिनार में उपस्थित विद्यार्थी। स
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं के राजनीति शास्त्र विभाग की ओर से संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस के उपलक्ष्य में यूएनओ शांति स्थापित करने में सफल या असफल विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र शर्मा ने की। सेमिनार में विद्यार्थियों को दो टीमों में बांटा गया। दोनों टीमों ने वैश्विक शांति स्थापित करने में संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका, महत्व और प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने 21वीं सदी में यूएनओ की कार्यप्रणाली और उसकी विफलताओं का भी आलोचनात्मक विश्लेषण किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल-अमेरिका-ईरान संघर्ष, फिलिस्तीन, पाक अधिकृत कश्मीर, गाजा पट्टी संकट और बढ़ती आतंकवादी घटनाओं का जिक्र करते हुए संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर सवाल उठाए। विद्यार्थियों ने कहा कि वैश्विक शांति के लिए दुनिया के छोटे-बड़े सभी देशों को एक मंच पर लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। इससे मानवाधिकारों की रक्षा के साथ गरीबी, भुखमरी और कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं से भी प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। महाविद्यालय में सहायक आचार्य रवि कुमार और कंचन कुमारी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परीक्षा का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवाद