विद्यार्थियों ने संरक्षण और संवर्धन करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मजारी में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 2 अक्तूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस पखवाड़े के स्वच्छ उत्सव थीम पर एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम में पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लिया गया। स्वच्छता पखवाड़ा की नोडल अधिकारी अनुराधा ने स्वच्छता ही सेवा है भाव से बच्चों को जोड़ने के लिए प्रतिदिन 10 मिनट अपने घर, समाज और विद्यालय की स्वच्छता पर ध्यान देने का कार्यक्रम तय किया। बच्चों ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रांगण, समीपवर्ती नालियों सहित स्कूल से आते-जाते रास्तों में पड़े कूड़े को कूड़ेदान में डालने के लिए जागरूक किया।
नीलम ने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए स्थानीय डॉक्टर से हाथ धोने की सही पद्धति और संतुलित और पोषक आहार पर व्याख्यान दिलवाकर बच्चों को स्वच्छता से समृद्धि की ओर ले जाने का प्रयास किया।
प्रधानाचार्य सुरजीत ठाकुर ने सभी सदन प्रभारियों, अध्यापकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अब हमारी जीवन शैली का अभिन्न अंग बनना चाहिए। तभी महात्मा गांधी के संजोए सपनों को साकार कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन ऑब्जर्वर राजेश कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर नीलम, अनुराधा, अमिता, राजेश, गुरदीप सिंह, हरप्रीत, रेणु, रेखा, प्रमोद, शैली, बलबीर, दलजीत और कुलदीप मौजूद रहे।