घुमारवीं महाविद्यालय के बीबीए विभाग के विद्यार्थी शैक्षणिक भम्रण के लिए रवाना होने से पहले साम
उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, टीम मैनेजमेंट, कॉर्पोरेट संस्कृति से होंगे रूबरू
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं( बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के बीबीए विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रम के तहत शुक्रवार को मोहाली, चंडीगढ़ स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के भ्रमण के लिए रवाना हुए। वहां पर नोवेम कंट्रोल, सीएस सॉफ्ट सॉल्यूशन और एक्सीलेंस टेक्नोलॉजी का एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण करेंगे।
यह भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यशैली, तकनीकी प्रक्रियाओं और प्रबंधन प्रणालियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया है। इस औद्योगिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों में उपयोग होने वाली तकनीकों, उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, टीम मैनेजमेंट, ग्राहक संबंध प्रबंधन और कॉर्पोरेट संस्कृति से रूबरू कराना है। इससे उनकी व्यावहारिक समझ, विश्लेषण क्षमता और व्यावसायिक दृष्टिकोण को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। यह अनुभव भविष्य में उनके कॅरिअर निर्माण और प्रतिस्पर्धी उद्योग जगत में सफलता प्राप्त करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। भ्रमण से पूर्व महाविद्यालय परिसर में आयोजित शुभकामना समारोह में प्राचार्य सह निदेशक प्रो. प्रीतम लाल और प्रो. अतुल गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुभवात्मक शिक्षण आज के समय की आवश्यकता है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान कौशल, संप्रेषण कला और टीमवर्क की भावना को विकसित करते हैं। विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे इस अवसर का उपयोग सीखने, समझने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए करें। इस अवसर पर बीबीए विभाग के संकाय सदस्य प्रो. रजनी ठाकुर, प्रो. भारती, डॉ. रवि, डॉ. कुमुद और प्रो. वरुण भी उपस्थित रहे।