अल्फा स्कूल बरठीं में आयोजित समर कैंप में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित करते
अल्फा स्कूल बरठीं में कैंप का समापन, गायन, नृत्य, खेलकूद व निशानेबाजी की गतिविधियां करवाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरठीं में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का समापन हुआ। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम भावना का विकास करना था। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों, अध्यापकों ने समूहों में मिलकर विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शिविर में गायन, नृत्य, खेलकूद, निशानेबाजी, जिम और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, स्वास्थ्य के प्रति सजग बनने और दिनचर्या में अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ. अभिषेक कुमार ने नशा निवारण विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मसंयम, सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समापन समारोह के अवसर पर यूको बैंक के मैनेजर वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड के उपयोग और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित प्रयोग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य टीडी शर्मा ने विद्यार्थियों को शिविर से प्राप्त अनुभवों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।