मलोखर में आयोजित पेंशनर इकाई की बैठक में मौजूद पेंशनर। स्रोत: पेंशनर
मासिक बैठक में चिकित्सा बिल, डीसीआरजी और जन्मतिथि रिकॉर्ड पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड बिलासपुर की मलोखर इकाई की मासिक बैठक प्रधान भगत राम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। जुखाला इकाई के सचिव पुरुषोत्तम दास ने कहा कि कई फैमिली पेंशनरों की जन्मतिथि ट्रेजरी रिकॉर्ड में सही दर्ज नहीं होने से उन्हें 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर मिलने वाली पेंशन बढ़ोतरी का लाभ नहीं मिल पाता। ऐसे मामलों की जांच कर रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की जरूरत है। सचिव नगिन चंद ठाकुर ने पीडब्ल्यूडी के बेलदारों को सेवानिवृत्ति के बाद दैनिक वेतन सेवाकाल का डीसीआरजी लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। महासचिव राम प्रकाश वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश पेंशनर संगठन की बैठक के बाद जुलाई में लंबित वित्तीय लाभों और चिकित्सा बिलों के भुगतान संबंधी घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि संगठन 31 जुलाई तक इन घोषणाओं के क्रियान्वयन का इंतजार करेगा, इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। जिला प्रधान चेत राम वर्मा ने बैठक के दौरान कई पेंशनरों के जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन भरने में सहायता की और इसकी प्रक्रिया की जानकारी भी दी। उन्होंने पेंशनरों से संगठन को मजबूत बनाने, किसी के बहकावे में नहीं आने और मासिक बैठकें मलोखर, लाड़ाघाट और रानी कोटला में बारी-बारी से आयोजित करने का आग्रह किया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।