ऋषिकेश स्कूल में भाषण, क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में स्पेशल कैंपेन-6 के तहत ई-कचरा प्रबंधन पर विशेष अभियान चलाया गया। इस वर्ष अभियान का संदेश आई एम ई-वेस्ट वॉरियर रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने रैली निकालकर लोगों को ई-कचरे के सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने लोगों को बताया कि पुराने मोबाइल फोन, खराब चार्जर, बैटरी, तार और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में नहीं फेंकना चाहिए। ऐसे उपकरणों को अलग एकत्रित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित तरीके से निपटाना जरूरी है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और लोगों ने ई-कचरा एकत्रित करने में भी योगदान दिया।
कार्यक्रम के तहत ई-कचरा प्रबंधन विषय पर भाषण, प्रश्नोत्तरी और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और पुनर्चक्रण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम प्रभारी और ईको क्लब प्रभारी मीनाक्षी, टीजीटी मेडिकल ने कहा कि ई-कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थ मिट्टी, जल और मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए इसका उचित निपटान और पुनर्चक्रण आवश्यक है।
प्रधानाचार्य शशि पाल चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से घरों और आसपास के लोगों को ई-कचरे के सुरक्षित निपटान को लेकर जागरूक करने का आह्वान किया।