बध्यात स्कूल में जल पखवाड़ा के तहत रैली निकालते बच्चे अध्यापक। स्रोत: स्कूल प्रबंधन
विभिन्न प्रतियोगिताओं और रैली के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय उच्च विद्यालय बध्यात में 16 से 30 अप्रैल तक जल पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पखवाड़े की शुरुआत जल शपथ के साथ हुई। इसमें विद्यार्थियों, अध्यापकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने जल बचाने का संकल्प लिया। इसके बाद कार्यकारी मुख्याध्यापक अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने जल है तो कल है, पानी की रक्षा, देश की सुरक्षा और पानी बचाओ, भविष्य सजाओ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया। रैली के उपरांत विद्यालय के समीप स्थित बावड़ी के आसपास सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही भाषण, पेंटिंग, स्लोगन, प्रश्नोत्तरी और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकारी मुख्याध्यापक अरुण भारद्वाज ने अध्यापकों का आभार जताया। इस मौके पर रश्मि गौतम, शिवाली सरोच्य, मनीषा, आशुतोष शर्मा, रामप्यारी, विपिन शर्मा, चंद्र कांता, शची मोहन और निशा मौजूद रहे।