भराड़ी की टीम प्रथम, घुमारवीं स्कूल ने हासिल किया दूसरा स्थान, पीएमश्री स्कूल घुमारवीं में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
विद्यार्थियों ने समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडल किए प्रस्तुत
चयनित टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान पर आधारित नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के सॉफ्ट स्किल्स कार्यक्रम के तहत पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घुमारवीं में जिला स्तरीय हैकाथॉन आयोजित किया गया। इसमें जिले के सात पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भराड़ी की टीम ने पहला और मेजबान विद्यालय घुमारवीं की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से वास्तविक जीवन में सामने आने वाली समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। इससे उनकी रचनात्मकता, नवाचार क्षमता और तकनीकी समझ देखने को मिली।
कार्यक्रम में उप निदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी निशा गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों के मॉडलों का निरीक्षण कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामूहिक कार्य और समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित होते हैं।
निर्णायक मंडल में पीएमश्री समन्वयक अनिल कुमार, दधोल स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश भारद्वाज और डाइट के विज्ञान केंद्र समन्वयक विजय कुमार शामिल रहे। उप निदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल ने भी विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया।
हैकाथॉन का आयोजन होपिंग माइंड्स की ओर से किया गया, जबकि कटिना स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड ने क्रियान्वयन में सहयोग दिया। प्रतियोगिता में चयनित टीमों को अब राज्य स्तरीय हैकाथॉन में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर डाइट के प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया और मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश डोगरा सहित अन्य उपस्थित रहे।