वर्कशॉप में इलेक्ट्रीशियन, फिटर और कंप्यूटर ट्रेड की गतिविधियों को नजदीक से देखा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बरठीं में शिक्षा विभाग की प्री-वोकेशनल एजुकेशन योजना के तहत एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण एवं एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। इसमें राजकीय उच्च विद्यालय बाड़ी-मझेड़वां के विद्यार्थियों ने अध्यापकों के साथ भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार के अवसरों से परिचित करवाना रहा।
संस्थान के प्रधानाचार्य सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं और प्रशिक्षण के बाद रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत छठी कक्षा से ही विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। आईटीआई के माध्यम से युवा नौकरी के साथ स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकते हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की विभिन्न वर्कशॉप का भ्रमण करवाया गया। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में उन्होंने बिजली की वायरिंग, मोटर वाइंडिंग, घरेलू उपकरणों की मरम्मत और सुरक्षा उपकरणों के बारे में जाना। फिटर ट्रेड में लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग और औजारों के इस्तेमाल की जानकारी ली। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड की लैब में कंप्यूटर हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और डिजिटल क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से परिचित हुए।
विद्यार्थियों ने मशीनों और उपकरणों को नजदीक से देखकर उत्साह जताया। स्कूल अध्यापकों ने कहा कि इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलने के साथ भविष्य में कॅरिअर चुनने में मदद मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए आईटीआई बरठीं के ऑन जॉब ट्रेनिंग नोडल अधिकारी नरेश कुमार, प्रधानाचार्य और संस्थान के स्टाफ का आभार व्यक्त किया।