- लावारिश पशुओं की बढ़ रही संख्या पर जताई चिंता
- अनंदघाट में किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर अनंदघाट में हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने की।
बैठक में सदस्यता अभियान, ग्राम समितियों और खंड समितियों के गठन पर मंथन किया। समितियों का गठन 15 मई तक पूरा किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया गया कि लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान हो, इसके लिए किसान संघ लोगों को जागरूक करेगा। किसान संघ की झंडूता इकाई के अध्यक्ष सत्यपाल वर्मा ने बताया कि जिले की सभी खंड समितियों की ओर से 465 गांवों में छोटी-छोटी ग्राम बैठकों के माध्यम से हर मतदाता को देश हित में मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा। संघ के सभी सदस्यों को इस कार्य के लिए अपनी जिम्मेदारियों को निभाना है। बैठक में प्रतिदिन बढ़ रही लावारिश पशुओं की संख्या पर भी चिंता जताई गई। प्रशासन के प्रति भी रोष जताया कि जिन पशुओं का उनके मालिक के आधार कार्ड से पंजीकरण किया हुआ है, वह पशु भी खुले में घूम रहे हैं। प्रशासन ऐसे पशु मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर दंडित करने का प्रावधान करे। पशु फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इस कारण अधिकतर किसानों ने फसल बीजना ही छोड़ दिया है। आने वाले समय में यह संकेत ठीक नहीं हैं। लोगों को एक-एक दाने के लिए भटकना पड़ेगा। बैठक में सरकार से बीते दिनों आई तेज आंधी से फसल को हुए नुकसान का किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई गई। इस मौके पर किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हरी राम, बलबीर सिंह, लेख राम कौंडल, सत्यपाल वर्मा, रमेश ठाकुर आदि उपस्थित रहे।