- घुमारवीं नगर परिषद का हाल, रात में लाइनें न जलने से होती है लोगों को परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत शहर में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें बेशक रात में न जलें, पर दिन के समय यह जलती रहती हैं। शहर के विभिन्न वार्डों में लगाई गई यह स्ट्रीट लाइट रात की बजाए दिन में शहर को रोशन करने का काम करती हैं। इस ओर न तो नगर परिषद और न ही प्रशासन ध्यान दे रहा है।
शहर के लोगों का कहना है कि नगर परिषद के कर्मचारी या अधिकारियों को इतना तो ध्यान देना ही चाहिए की लाइट की जरूरत कब है और कब नहीं। दिन में स्ट्रीट लाइट का जलना नगर परिषद की लापरवाही को दर्शाता है और यह पिछले काफी समय से हो रहा है। लोगों को बिजली की बचत का पाठ पढ़ाने वाला प्रशासन खुद फिजूलखर्ची कर रहा है। नगर परिषद की ओर से शहर के लगभग हर वार्ड में लाखों रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं, ताकि लोगों को रात के समय दिक्कत का सामना न करना पड़े। घने कोहरे के बीच रात की बजाए दिन में लाइटें जल रही हैं अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर परिषद लोगों को सहूलियत प्रदान करने में कितना संजीदा है। कड़कड़ाती सर्दी और घनी धुंध के बीच शाम होते ही शहर घने अंधेरे में डूब जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। यहां तक कि सुबह सवेरे प्रात: काल की सैर पर निकलने वाले महिलाओं और बुजुर्ग लोगों को भी स्ट्रीट लाइटों के बंद होने से घने अंधेरे के बीच में निकालना पड़ता है। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। हैरानी इस बात की होती है कि रात को बंद रहने वाली यह लाइटें सूरज निकलते ही अचानक जगमगा उठती हैं। लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से स्ट्रीट लाइट तो लगा दी गई हैं, लेकिन इनके रखरखाव और मरम्मत कार्य समय पर नहीं किए जाते हैं।
कोट
शहर में जहां भी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं उन्हें शीघ्र ही ठीक करवा दिया जाएगा, ताकि शहर वासियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। बाकी अगर लाइट दिन में जल रही हैं तो हो सकता है यह किसी तकनीकी खराबी के कारण हो रहा हो। शीघ्र ही इन्हें ठीक करवा दिया जाएगा।
- रीता सहगल, अध्यक्ष, नगर परिषद घुमारवीं