- मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश
-कहा- घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं के सफल आयोजन के लिए सभी मेला समितियों की सहभागिता आवश्यक है। यह बात उपमंडल अधिकारी गौरव चौधरी ने मेले की तैयारियों को लेकर रखी गई बैठक में कही। यह मेला 1986 से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले को पहले से और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित होगा। 5 अप्रैल को मेले का शुभारंभ शिव मंदिर घुमारवीं से 11:00 बजे शोभायात्रा के साथ शुरू होगा। साथ ही खूंटा गाड़ कर बैलों का पूजन भी किया जाएगा। मेले को सफल बनाने के लिए समितियों का गठन किया गया है। एसडीएम ने मेले का राजस्व बढ़ाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह पशु मेले का आयोजन 4 अप्रैल को किया जाएगा। मेले में अच्छी नस्लों के पशुओं को सम्मानित किया जाएगा। मेले में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें चेस, रस्साकशी और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। साथ ही बेबी शो और सीनियर सिटीजन शो भी कराया जाएगा।
उन्होंने बताया की मेले में चार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। यह संध्याएं बिलासपुरी संस्कृति पर आधारित होंगी। इसमें बिलासपुर के कलाकारों को ही मौका दिया जाएगा। हिमाचल की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हिमाचली नाइट का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बॉलीवुड नाइट का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें हिमाचल के टॉप कलाकारों को मौका दिया जाएगा। मेले में पंजाबी नाइट का भी आयोजन किया जाएगा।
कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा, ताकि मेले में अच्छे स्तर के कलाकार प्रस्तुति दे सकें। मेले को आकर्षित बनाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगीं। उन्होंने मेले की स्मारिका के लिए संस्कृति आधारित लेखों को लोगों से देने का आग्रह किया, ताकि इन्हें समय रहते स्मारिका में जगह दी जा सके। उन्होंने मेला मैदान को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। मेले में यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी घुमारवीं को ट्रैफिक प्लान बनाने को कहा गया, ताकि मेले से पहले इस ट्रैफिक प्लान को प्रदर्शित किया जा सके। इस मौके पर डीएसपी चंद्रपाल, नप अध्यक्ष रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, पार्षद कपिल शर्मा, कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्वनी रतवान, तहसीलदार दीनानाथ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।