गुवाहाटी में होने वाली खेलो इंडिया में जाने से पहले कुश्ती के खिलाड़ी अपने कोच के साथ।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। गुवाहाटी में 15 से 20 जनवरी तक होने वाली खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की कुश्ती टीम रवाना हो गई है। टीम कोच डीपीई जगदीश कुमार की अगुवाई में राष्ट्रीय स्तर पर सूबे का प्रतिनिधित्व करेगी।
गुवाहाटी में होने वाली इस खेलो इंडिया प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कई प्रकार की खेलें करवाई जाती हैं और इन सब में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को सरकार पांच साल तक हर माह 40 हजार रुपये का वजीफा देती है। डीपीई जगदीश कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 5 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं सूबे के 8 कुश्ती पहलवान प्रदेश के स्वाभिमान की लड़ाई लडे़ंगे। उन्होंने कहा कि इस टीम में रावमापा पंजगाईं के ही चार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
जगदीश कुमार ने कहा कि प्रदेश टीम में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करके सूबे का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाएंगे। जगदीश कुमार रावमापा पंजगाईं में डीपीई के पद पर कार्यरत हैं। उनकी अगुवाई में रावमापा पंजगाईं के पहलवान अभी तक 28 से ज्यादा स्वर्ण पदक राष्ट्रीय प्रतियोगिता से हासिल कर चुके हैं।