ग्रामीणों ने की मांग, तेज रफ्तार से चुके हैं कई हादसे
जुखाला, गसौड़, पटवारखाना, ब्रह्मपुखर में सबसे ज्यादा परेशानी
सड़क पर अल्ट्राटेक, एसीसी, अंबुजा की भी चलती हैं गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला-ब्रह्मपुखर-घाघस सड़क पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से चिंतित लोगों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जुखाला, गसौड़, पटवारखाना और ब्रह्मपुखर जैसे आबादी वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर की सख्त जरूरत है।
कोटला पंचायत के पूर्व प्रधान बाबूराम भड़ोल, जुखाला पंचायत के पूर्व उपप्रधान हरि सिंह ठाकुर, कोटला पंचायत की प्रधान पूनम शर्मा, बलदेव शर्मा और बाबूराम ठाकुर ने कहा कि सड़क न केवल स्थानीय लोगों बल्कि अल्ट्राटेक, एसीसी और अंबुजा जैसी बड़ी सीमेंट फैक्ट्रियों से जुड़े वाहनों के साथ हजारों पर्यटकों और अन्य वाहनों की भी आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। सड़क पर तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के कारण हादसों की संख्या बढ़ रही है। कई लोग जान गंवा चुके हैं। खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करने में काफी दिक्कत होती है। हाल ही में जुखाला में एक अज्ञात वाहन ने एक युवक को कुचल दिया। गसौड़ में भी इसी प्रकार के कई हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसों की बढ़ती संख्या के बावजूद प्रशासन समस्या के समाधान को लेकर संजीदा नहीं है। जुखाला, गसौड़ और ब्रह्मपुखर के लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि हादसों को रोका जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।