पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के कार्यालय के दरवाजे पर लगा कृपया दिवाली का तोहफा न लाएं का पोस्टर। संवा?
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। अपने निर्भीक फैसलों से अपनी एक खास पहचान बनाने वाले एसपी बिलासपुर का एक और निर्णय जनता में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसपी ने मंगलवार को अपने कार्यालय और आवास के बाहर नोटिस लगवाया कि कृपया दिवाली का तोहफा न लाएं।
एसपी दिवाकर शर्मा प्रदेश के ही नहीं बल्कि देश के भी ऐसे पहले पुलिस अधिकारी होंगे जिन्होंने इस तरह की अनूठी पहल की है। उनके इस कार्य की सराहना न केवल जनता बल्कि अधिकारी और कर्मचारी भी कर रहे हैं। अपनी टीम को ड्यूटी के दौरान सजग रहने और ईमानदारी से कार्य करने का पाठ पढ़ाने वाले दिवाकर शर्मा ने इस तरह का नोटिस लगाकर अन्य अधिकारियों के लिए भी मिसाल पेश की है।
बताते चलें कि दिवाकर शर्मा जिस भी जिले में एसपी का कार्यभार संभालते हैं, उस जिले के थानों से लेकर कार्यालय तक पुलिस कर्मचारियों और जवानों की कार्यशैली में सुधार हो जाता है। ड्यूटी के दौरान शराब पीना तो दूर पुलिस जवान किसी मामले में कार्रवाई करने के लिए लेटलतीफी भी करें तो एसपी कार्रवाई करते हैं। उन्होंने पहले भी ऐसे कई उदाहरण पेश किए हैं। कई जवानों को नशे में ड्यूटी करने पर पिट्ठू की सजा सुना चुके हैं। अब दिवाली के तोहफों के लिए इनकार का नोटिस लगाकर इन्होंने एक नया उदाहरण पेश किया है।